प्राकृतिक तरीके से अच्छी नींद पाने के उपाय (Sleep Hygiene)

लेखक: डॉ. गौरव वर्मा

हम सभी के जीवन में कभी न कभी नींद की समस्या होती है, जिसे स्लीप डिस्टर्बेंस कहा जाता है। यदि यह समस्या लंबे समय तक बनी रहती है, तो यह मानसिक एवं मेटाबॉलिक बीमारियों का कारण बन सकती है। यहाँ प्राकृतिक तरीके से नींद लाने के उपाय दिए गए हैं, जिन्हें स्लीप हाइजीन कहा जाता है, साथ ही इनके पीछे का वैज्ञानिक कारण भी समझाया गया है।

अच्छी नींद के लिए आवश्यक टिप्स

1) सोने और जागने का समय निश्चित करें

  • रोज़ एक ही समय पर सोएँ और उठें।
  • एक औसत व्यक्ति को दिन में लगभग 7–8 घंटे की नींद की आवश्यकता होती है।

2) सोने की जगह स्थिर रखें

  • हमेशा उसी जगह सोएँ जहाँ आप सामान्यतः सोते हैं।
  • कमरे का तापमान आरामदायक रखें और शोर से बचें।

3) इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से दूरी

  • सोने से पहले मोबाइल, टीवी और तेज़ लाइट्स का प्रयोग न करें।
  • अंधेरा रखने से दिमाग में मेलाटोनिन हार्मोन का स्राव बढ़ता है, जो नींद लाने में मदद करता है।

4) भोजन का ध्यान रखें

  • सोने से लगभग 2 घंटे पहले हल्का डिनर करें।
  • पेट संबंधी असुविधा से नींद में बाधा नहीं आएगी।

5) कैफीन और उत्तेजक पेयों से परहेज़

  • सोने से 4–5 घंटे पहले चाय, कॉफ़ी, कोल्ड ड्रिंक और एनर्जी ड्रिंक न लें।
  • इनमें मौजूद कैफीन अलर्टनेस बढ़ाता है और नींद कम करता है।

6) भारी व्यायाम न करें

  • सोने से पहले हैवी एक्सरसाइज़ से बचें; इससे शरीर का कोर टेम्परेचर बढ़ सकता है।
  • हल्की स्ट्रेचिंग या रिलैक्सेशन कर सकते हैं।

7) लाइट म्यूज़िक और पढ़ाई

  • सोने से पहले हल्का संगीत सुन सकते हैं।
  • यदि बिस्तर पर लेटने के बाद भी नींद न आए तो उठकर हल्की रोशनी में किताब पढ़ें।
  • मोबाइल का प्रयोग न करें, स्क्रीन लाइट मेलाटोनिन स्राव को कम करती है।

8) गुनगुने पानी से स्नान

  • सोने से 2–3 घंटे पहले गुनगुने पानी से स्नान लाभकारी है।
  • त्वचा में रक्त प्रवाह बढ़ता है और कोर टेम्परेचर घटता है, जिससे नींद आने में मदद मिलती है।
  • छोटे बच्चों में नहलाने के बाद बेहतर नींद इसी सिद्धांत पर आधारित है।

कब डॉक्टर से सलाह लें?

यदि इन सभी उपायों के बाद भी नींद की समस्या बनी रहती है, तो किसी मनोचिकित्सक (Psychiatrist) से परामर्श अवश्य लें।

© 2025 डॉ. गौरव वर्मा